बजहा उर्फ अहिरौली का छठ घाट: पंचायतीराज मंत्रालय के पोर्टल और ट्विटर हैंडल पर मिला स्थान, जिले के लिए गर्व की बात
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 07 Nov, 2024
- 1526
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज। जिले के निचलौल ब्लॉक स्थित बजहा उर्फ अहिरौली गांव का छठ घाट देशभर में चर्चा का विषय बन गया है। पंचायत और मनरेगा योजना के अंतर्गत निर्मित इस सुंदर अमृत सरोवर को भारत सरकार के पंचायतीराज मंत्रालय ने सराहा है। मंत्रालय ने विभागीय पोर्टल और अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस छठ घाट की तस्वीरें साझा कर बधाई दी।
पंचायतीराज मंत्रालय ने लिखा, "छठ पूजा जैसे महापर्व की गरिमा तालाबों और सरोवरों की स्वच्छता से और भी बढ़ जाती है। बजहा (अहिरौली) ग्राम पंचायत ने छठ घाट के सौन्दर्यीकरण से एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है और अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।" यह सरोवर लगभग 15,000 स्क्वायर फीट में फैला हुआ है और इसकी कुल लागत 20 लाख रुपये आई है। इसमें से 15 लाख रुपये मनरेगा योजना से, जबकि 15वें वित्त आयोग से पांच लाख रुपये की धनराशि का उपयोग किया गया है।
अमृत सरोवर के निर्माण में विशेष पथ प्रकाश, अत्याधुनिक रोशनी की व्यवस्था, सुंदर पेंटिंग और आकर्षक डिजाइन जैसे तत्व शामिल किए गए हैं, जो इसे एक विशिष्ट पहचान देते हैं। इसके सौंदर्यीकरण ने न केवल स्थानीय निवासियों को आकर्षित किया है, बल्कि अन्य जिलों से भी लोग इसे देखने आ रहे हैं। यहां लोग छठ पूजा के पवित्र अवसर पर उमड़ते हैं और घाट पर सुंदर रील और फोटो बनाते हैं।
जिलाधिकारी अनुनय झा, मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, और खंड विकास अधिकारी शमा सिंह ने इस सरोवर के निर्माण के लिए ग्राम प्रधान अरविंद कुशवाहा और सचिव पिंटू रौनियार को बधाई दी है।
जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने कहा, "बजहा उर्फ अहिरौली स्थित अमृत सरोवर को पंचायतीराज मंत्रालय के पोर्टल और ट्विटर हैंडल पर स्थान मिलना हमारे जिले के लिए गर्व की बात है। यह विकास की दिशा में उत्कृष्ट उदाहरण है।"
बजहा उर्फ अहिरौली का यह छठ घाट न केवल एक धार्मिक स्थल है, बल्कि पंचायत विकास की एक प्रेरणादायक कहानी भी है, जो बताती है कि कैसे स्थानीय प्रयासों से एक गांव राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है।

