मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वादे से मिली रोली को नई जिंदगी: सुनने और बोलने की मिली क्षमता
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 02 Dec, 2024
- 129
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 2 दिसंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वादा आखिरकार साकार हुआ। जिले के कोल्हुई निवासी राजू कसौधन की बेटी रोली को कॉक्लियर इम्प्लांट के जरिए सुनने और बोलने की क्षमता मिलने से परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। गोरखपुर के राजदीप ईएनटी अस्पताल में सफल ऑपरेशन के बाद रोली अब दुनिया की आवाज सुन सकेगी।
25 अक्टूबर, 2024 को महराजगंज दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौक में आयोजित कार्यक्रम में रोली के कॉक्लियर इम्प्लांट के लिए सहमति दी थी। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया था कि जल्द ही रोली सुनने और बोलने लगेगी। इस योजना के तहत बच्ची का ऑपरेशन निःशुल्क कराया गया।
रोली का जन्म 3 मार्च 2021 को हुआ था। माता-पिता राजू और प्रीति कसौधन को जब पता चला कि उनकी बेटी सुनने और बोलने में असमर्थ है, तो उन्होंने कई डॉक्टरों से संपर्क किया। इलाज के तौर पर कॉक्लियर इम्प्लांट का सुझाव दिया गया, लेकिन 6 लाख रुपये का खर्च उनके लिए असंभव था। मुंबई में ड्राइवर की नौकरी करने वाले राजू ने उम्मीद छोड़ दी थी।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने दिखाई राह
राजू ने बताया कि इस बीच उन्हें दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की कॉक्लियर इम्प्लांट योजना की जानकारी मिली। इसके तहत ऑपरेशन का पूरा खर्च विभाग उठाता है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी के मार्गदर्शन में योजना के लिए आवेदन किया गया।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि योजना के तहत रोली का ऑपरेशन गोरखपुर के राजदीप ईएनटी अस्पताल में कराया गया। सर्जरी पूरी तरह सफल रही और बच्ची अब सुन सकेगी। अगले दो वर्षों तक रोली को मुफ्त स्पीच थेरेपी भी दी जाएगी।
रोली के पिता राजू ने कहा, "यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की वजह से संभव हुआ। हमारी बच्ची की जिंदगी बदल गई है, और हमारा परिवार बेहद खुश है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के पांच वर्ष से कम उम्र के ऐसे बच्चे जो सुन और बोल नहीं सकते, उनके अभिभावक कार्यालय में आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
इस सफलता से साबित होता है कि सही दिशा में प्रयास से हर कठिनाई को पार किया जा सकता है।

