सामूहिक विवाह योजना में एडीओ पर धनउगाही का लगा आरोप, जानिए पूरा मामला
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 14 Dec, 2024
- 490
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 14 दिसंबर। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना, सामूहिक विवाह योजना भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरती नजर आ रही है। निचलौल ब्लॉक के ग्राम बाली स्थित राष्ट्रीय इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रांगण में आयोजित सामूहिक विवाह योजना के तहत एक मामले में समाज कल्याण विभाग के एडीओ सफी आलम पर धनउगाही का आरोप लगा है।
मिठौरा ब्लॉक के ग्राम चैनपुर निवासी किशन चौरसिया ने आरोप लगाया कि उनकी बहन किरण वर्मा का विवाह इस योजना के तहत होना था। रजिस्ट्रेशन फॉर्म पर गवाहों के हस्ताक्षर के लिए समाज कल्याण विभाग के एडीओ ने उनसे ₹1500 की मांग की। किशन का कहना है कि जब उन्होंने रकम देने में असमर्थता जताई, तो एडीओ ने फॉर्म रिजेक्ट करने की धमकी दी। मजबूर होकर उन्होंने एक रिश्तेदार से उधार लेकर पैसा दिया, जिसके बाद फॉर्म स्वीकार किया गया और बहन को विवाह मंडप में बैठने की अनुमति मिली।
इस संबंध में जब एडीओ सफी आलम से बात की गई तो उन्होंने सभी आरोपों को निराधार और झूठा बताया।
एडीओ सफी आलम ने सफाई देते हुए कहा कि लगाए गए आरोप गलत हैं। उन्होंने किसी भी तरह की धनउगाही से इनकार किया है।
सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए सरकार की एक अनूठी पहल है, लेकिन इस तरह के आरोप योजना की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करते हैं। मामले की जांच की मांग उठ रही है।

