एम-पैक्स सदस्यता में महराजगंज ने रचा कीर्तिमान, मुख्यमंत्री ने डीएम को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

महराजगंज। एम-पैक्स सदस्यता महाभियान 2025 में ऐतिहासिक सफलता हासिल करने पर महराजगंज जनपद को प्रदेश स्तर पर विशेष सम्मान मिला है। लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित सहकारिता विभाग के युवा सहकार सम्मेलन-2025 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद की शानदार उपलब्धि के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

एम-पैक्स सदस्यता महाभियान के तहत महराजगंज ने प्रदेश में सर्वाधिक 1.22 लाख नए सदस्य जोड़ने के साथ-साथ 28 हजार किसानों को ऑनलाइन सदस्य बनाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य जिलों के लिए मिसाल बनी है।

सहकारिता विभाग द्वारा 12 सितंबर 2025 को शुरू किए गए बी-पैक्स सदस्यता महाभियान का उद्देश्य किसानों को बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समितियों से जोड़ना था। इस अभियान की विशेषता रही सभी किसानों को “कृषक पंजिका” प्रदान करना। जिलाधिकारी की पहल पर महराजगंज में उर्वरक वितरण को शत-प्रतिशत कृषक पंजिका से जोड़ा गया, जिससे व्यवस्था पारदर्शी बनी और किसानों की सहभागिता तेजी से बढ़ी।

तहसील व ब्लॉक स्तर के अधिकारियों और समिति सचिवों को सहकार सारथी के रूप में नामित कर युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य दिया गया, जिससे अभियान को गति मिली। परिणामस्वरूप निर्धारित 30 हजार के लक्ष्य के सापेक्ष जनपद ने 1.27 लाख सदस्य जोड़कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। प्रति पैक्स औसतन 1300 से अधिक नए सदस्य जुड़े, जो अपने आप में रिकॉर्ड है।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय सहकारिता विभाग की पूरी टीम को देते हुए कहा कि यह अभियान जिला सहकारिता आंदोलन को सुदृढ़ करने का मॉडल बनकर उभरा है। इसका लाभ किसानों को रबी सीजन में खाद वितरण व्यवस्था में भी स्पष्ट रूप से मिला है।

एआर कोऑपरेटिव सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि सदस्यता अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को संस्थागत ऋण, खाद-बीज, उर्वरक, कृषि यंत्र, विपणन और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। ऑनलाइन सदस्यता सुविधा से युवा किसानों की भागीदारी भी बढ़ी।

अभियान के दौरान ग्राम स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, शिविर, डिजिटल प्लेटफॉर्म और समितियों की क्षमता वृद्धि पर विशेष जोर दिया गया। इसके चलते महराजगंज मंडल में पहले स्थान पर रहा, जबकि प्रदेश में शाहजहांपुर दूसरे, उन्नाव तीसरे, खीरी चौथे और बुलंदशहर पांचवें स्थान पर रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि सशक्त पैक्स के माध्यम से किसान आत्मनिर्भर बनेंगे, ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और कृषि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। महराजगंज का यह मॉडल प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com