आज शाम को महराजगंज में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल, 10 मिनट रहेगा प्रकाश प्रतिबंध
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 23 Jan, 2026
- 295
महराजगंज। आपात परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा और सिविल डिफेंस की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से जनपद में ब्लैक आउट एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशान्त कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि हवाई हमले जैसी स्थिति में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, आवासों, सड़कों एवं आम जनता की सुरक्षा के लिए विद्युत आपूर्ति बंद रखने की प्रक्रिया को प्रकाश प्रतिबंध (ब्लैक आउट) कहा जाता है।
इसी क्रम में सिविल डिफेंस के दृष्टिगत आवश्यक अभ्यास के तहत दिनांक 23 जनवरी 2026 को सायं 6:00 बजे से 6:10 बजे तक पुलिस लाइन परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान बचाव से संबंधित आपातकालीन विधियों का अभ्यास एवं प्रदर्शन किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने क्षेत्र के समस्त प्रतिष्ठानों, चेंबरों, कार्यालयों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित समयावधि में अपने घरों और प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद रखें, ताकि बाहर किसी प्रकार का प्रकाश दिखाई न दे। नागरिकों से अपने घरों में ही रहने, माचिस, टॉर्च, मोबाइल फ्लैश लाइट का प्रयोग न करने तथा धूम्रपान न करने की अपील की गई है। यदि किसी स्थान से प्रकाश बाहर आ रहा हो तो उसे कागज आदि से ढकने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि ब्लैक आउट के दौरान नागरिक शांति बनाए रखें, सावधानी से चलें, घबराएं या दौड़ें नहीं। यह अभ्यास सिविल डिफेंस महराजगंज के वार्डनों की सहायता से संपन्न कराया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के अभ्यासों का उद्देश्य भविष्य में युद्ध अथवा हवाई हमले जैसी विषम परिस्थितियों में नागरिकों को जागरूक और सतर्क बनाना है। उन्होंने जनपदवासियों से प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की है।

