मनरेगा श्रम बजट 2026–27 पर डीएम की अध्यक्षता में बैठक, 70.38 लाख मानव दिवस सृजन का लक्ष्य
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 02 Feb, 2026
- 146
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मनरेगा योजना के अंतर्गत श्रम बजट को लेकर कार्यदायी संस्थाओं, सभी खंड विकास अधिकारियों एवं ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए प्रस्तावित लेबर बजट और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने वीसी के माध्यम से जुड़े सभी विकासखंडों के ब्लॉक प्रमुखों और अधिकारियों से संवाद करते हुए निर्देश दिया कि श्रम बजट की कार्ययोजना का अनुमोदन क्षेत्र पंचायत की बैठक में अनिवार्य रूप से कराया जाए। इस पर सभी ब्लॉक प्रमुखों ने बताया कि उनके द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना एवं लेबर बजट मनरेगा अधिनियम, नियमावली और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है तथा क्षेत्र पंचायत से अनुमोदन के बाद ही जनपद स्तर पर प्रेषित किया गया है। यह भी जानकारी दी गई कि संबंधित ग्राम पंचायतों की बैठकों में लेबर बजट एवं कार्ययोजना को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026–27 में मनरेगा के तहत जनपद से अनुमानित 70 लाख 38 हजार 217 मानव दिवस सृजन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए लगभग 29,560.52 लाख रुपये का बजट शासन को प्रेषित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्ययोजना ग्राम स्तर पर वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही तैयार की जाए। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत संचालित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से कराए जाने पर जोर दिया तथा नियमित पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए। कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मनरेगा के अंतर्गत कार्यरत सक्रिय श्रमिकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराई जाए। इस दौरान उपायुक्त श्रम एवं रोजगार ने बताया कि जनपद में कुल लगभग 2.86 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं, जिनमें से 1.51 लाख श्रमिकों की ई-केवाईसी पूर्ण हो चुकी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

