सांसद आदर्श ग्राम हरिहरपुर में लगी ग्राम चौपाल, डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 07 Feb, 2026
- 94
मिठौरा, (महराजगंज)। सांसद आदर्श ग्राम हरिहरपुर में शनिवार को प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रभावी व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन आपके द्वार के तहत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाकर शासन की योजनाओं का लाभ सीधे गांव और घर तक पहुंचाया जा रहा है। चौपाल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। इसके लिए ग्रामीणों का जागरूक होना भी आवश्यक है, जिससे योजनाओं का पारदर्शी व सुचारु क्रियान्वयन हो सके।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को वीबी–जी राम जी योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा मनरेगा के स्थान पर इस नई योजना को लागू किया जा रहा है। इस योजना के तहत ग्रामीणों को न्यूनतम 125 दिन का रोजगार मिलेगा, जबकि मनरेगा में 100 दिन का प्रावधान था। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि स्थायी आजीविका का सृजन करना है। इसके अंतर्गत ग्राम पंचायतों में आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जाएगा।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना पर जोर देते हुए कहा कि इसके तहत पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है, जो विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है। जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री को भी अनिवार्य बताते हुए कहा कि भविष्य में कृषि से जुड़ी योजनाओं का लाभ इसी के माध्यम से मिलेगा, इसलिए सभी किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं।
चौपाल में एसआईआर प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि नए मतदाता फॉर्म-06 भरकर अपना नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करा सकते हैं। साथ ही उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना के लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना में सरकार द्वारा 1.08 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाता है। इससे न केवल बिजली बिल में कमी आती है, बल्कि अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों में लंबित प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता के लिए कार्यस्थल पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। चौपाल के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर अन्नप्राशन एवं गोदभराई संस्कार भी संपन्न कराए गए।
चौपाल में 225 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच कर दवाओं का वितरण किया गया। 16 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, 64 लोगों की विभिन्न प्रकार की जांच हुई, 80 पशुओं को कृमिनाशक दवा दी गई तथा पीएम सूर्यघर योजना के 13 आवेदन कराए गए। पूर्ति विभाग द्वारा 25 नए यूनिट जोड़े गए।
हरिहरपुर ग्राम पंचायत में कुल 753 परिवार निवास करते हैं। यहां 908 लोगों को आयुष्मान कार्ड का लाभ मिल रहा है। 672 पात्र गृहस्थी और 136 अंत्योदय कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसके अलावा निराश्रित महिला, वृद्धा एवं दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है।
कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी कन्हैया यादव, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी मिठौरा राहुल सागर सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

