हरिहरपुर में मनरेगा कार्यों का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, जॉब कार्ड में लापरवाही पर जताई नाराजगी
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 07 Feb, 2026
- 124
मिठौरा, (महराजगंज)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को मिठौरा विकास खंड के ग्राम पंचायत हरिहरपुर में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और श्रमिकों की उपस्थिति की जांच की।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले हरिहरपुर में राजेंद्र प्रसाद के खेत से बाईपास रोड तक बनाए जा रहे संपर्क मार्ग पर चल रहे मिट्टी कार्य का औचक निरीक्षण किया। बताया गया कि यह कार्य लगभग 2 लाख 64 हजार रुपये की लागत से कराया जा रहा है। निरीक्षण के समय मौके पर 30 मजदूर कार्यरत पाए गए, लेकिन केवल छह मजदूरों के जॉब कार्ड पर ही उपस्थिति व अन्य विवरण अंकित था। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत श्रमिकों के जॉब कार्ड मौके पर उपलब्ध कराए जाएं तथा उनमें आवश्यक विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत हरिहरपुर में ही रमेश पटेल के खलिहान से बोदर पुल तक बनाए जा रहे संपर्क मार्ग का निरीक्षण किया। यह कार्य लगभग एक लाख 68 हजार रुपये की लागत से कराया जा रहा है, जहां निरीक्षण के दौरान नौ मजदूर कार्यरत पाए गए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मनरेगा कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रमिकों के भुगतान और उपस्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी राहुल सागर, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अंकित श्रीवास्तव, एपीओ शिवेंद्र सहित अन्य अधिकारी व ग्रामवासी उपस्थित रहे।

