भारतीय सीमा में घुसकर नेपाली युवक को पकड़ने का वीडियो वायरल, पुलिस ने दी सफाई
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 23 Apr, 2026
- 284
महराजगंज। भारत नेपाल सीमा क्षेत्र के सोनौली अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नेपाली पुलिस के भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर युवक को पकड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। अधिकारियों के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 12 बजे नेपाल के बेलहिया थाने से एक व्यक्ति पुलिस अभिरक्षा से भागकर लगभग 20 मीटर भारतीय सीमा में आ गया था।
बताया गया कि उसका पीछा करते हुए नेपाल के एपीएफ और पुलिस के दो जवान भी सीमा पार कर भारत में प्रवेश कर गए और युवक को पकड़ लिया। मौके पर मौजूद उत्तर प्रदेश पुलिस व एसएसबी ने नेपाली जवानों को रोका और कार्रवाई का कारण पूछा।
पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि युवक नेपाल पुलिस की अभिरक्षा से भागा था। बाद में मौके पर पहुंची उसकी मां को युवक सुपुर्द कर दिया गया। साथ ही नेपाली पुलिस को भविष्य में समन्वय बनाकर ही कार्रवाई करने की सख्त हिदायत दी गई।
प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

