तेज रफ्तार ट्रेलर ने ली तीन जिंदगियां, दंपति व सात माह की मासूम की मौत

महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के बलुहीधुस चौराहे के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने बाइक सवार दंपति और उनकी सात माह की मासूम बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया।

मिली जानकारी के अनुसार, नौसाद अपनी पत्नी सलेहा खातून और सात माह की बच्ची को इलाज के लिए परतावल ले जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी खाली कर घुघुली की ओर जा रहा अनियंत्रित ट्रेलर पीछे से आया और जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही सिंदुरिया पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि आरोपी चालक दुर्गेश यादव निवासी धर्मपुर, पीपीगंज (गोरखपुर) को हिरासत में ले लिया गया है। ट्रेलर (नंबर BR28 GB 9110) को भी कब्जे में लेते हुए मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com