एसपी ने चलाई ‘तबादला एक्सप्रेस’, कई थानेदारों की गई थानेदारी, कई के बदली कुर्सी। देखें पूरी लिस्ट
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 16 May, 2026
- 326
22 निरीक्षक व उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले, पुलिस महकमे में दिनभर चली चर्चाएं
महराजगंज। जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शनिवार को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कर दिया। एसपी ने एक साथ निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर के 22 पुलिसकर्मियों का तबादला करते हुए कई थानों की कमान नए चेहरों को सौंप दी। इस बड़े बदलाव के बाद पुलिस महकमे में पूरे दिन हलचल और चर्चाओं का माहौल बना रहा।
एसपी द्वारा जारी तबादला सूची में कई ऐसे थानेदार शामिल हैं जो लंबे समय से एक ही थाने पर तैनात थे। कुछ अधिकारियों को नई थानेदारी दी गई है, जबकि कई को अपराध शाखा, पीआरओ जैसी जिम्मेदारियों में भेजा गया है। पुलिस विभाग में इसे कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की कवायद माना जा रहा है।
जारी आदेश के मुताबिक निरीक्षक धनंजय कुमार राय को अतिरिक्त निरीक्षक थाना भिटौली से हटाकर प्रभारी निरीक्षक बरगदवा बनाया गया है। निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह को प्रभारी निरीक्षक कोल्हुई से प्रभारी थाना श्यामदेउरवा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं निरीक्षक मनोज कुमार राय को प्रभारी निरीक्षक पुरंदरपुर से हटाकर अपराध निरीक्षक थाना श्यामदेउरवा भेजा गया है। निरीक्षक योगेंद्र राय को फरेंदा से अपराध निरीक्षक भिटौली बनाया गया है।
उपनिरीक्षक स्तर पर भी बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं। उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह को पुलिस लाइन से थानाध्यक्ष पनियरा बनाया गया है, जबकि राघवेंद्र सिंह को पनियरा से फरेंदा भेजा गया है। अभिषेक सिंह को श्यामदेउरवा से नौतनवा और कुंवर गौरव सिंह को घुघली से कोल्हुई का थानाध्यक्ष बनाया गया है। सूरज कुमार को कोतवाली से घुघली तथा विशाल कुमार शुक्ला को पुलिस लाइन से सिंदुरिया थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा अंकित सिंह को पीआरओ कार्यालय से हटाकर निचलौल थाने की कमान दी गई है। विवेक कुमार सिंह को कोतवाली से परसामलिक, जबकि कृष्ण कुमार सिंह को पुलिस लाइन से सोहगीबरवा थाने का प्रभारी बनाया गया है। गौरव राय कनौजिया को सोहगीबरवा से हटाकर प्रभारी थाना पुरंदरपुर बनाया गया है। मनीष पटेल को चौकी प्रभारी लक्ष्मीपुर थाना ठूठीबारी से चौक थानाध्यक्ष बनाया गया है।
एसपी ने कुछ थानाध्यक्षों को हटाकर अन्य जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। राजकुमार सिंह को सिंदुरिया से पनियरा भेजा गया है। मदनमोहन मिश्रा को निचलौल और शैलेंद्र शुक्ला को बरगदवा से हटाकर पीआरओ कार्यालय में संबद्ध किया गया है। ओमप्रकाश गुप्ता को चौक से फरेंदा और अभय नारायण सिंह को परसामलिक से पुरंदरपुर भेजा गया है। वहीं योगेंद्र कुमार को पुलिस लाइन से वरिष्ठ उपनिरीक्षक थाना सिंदुरिया तथा मनीष कुमार तिवारी को वरिष्ठ उपनिरीक्षक सिंदुरिया से चौकी प्रभारी लक्ष्मीपुर थाना ठूठीबारी बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभाग में आगे भी फेरबदल जारी रह सकता है।


