33 हजार केवीए लाइन में फॉल्ट ठीक करते समय बड़ा हादसा, चार विद्युत कर्मी झुलसे। एक की हालत नाजुक

महराजगंज। जिला मुख्यालय स्थित पावर स्टेशन पर शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे 33 हजार केवीए विद्युत लाइन में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक करंट प्रवाहित होने से चार विद्युत कर्मी गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पावर स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों व स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से झुलसे विद्युत कर्मी सोनू की हालत नाजुक देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

वहीं घायल विद्युत कर्मी गोरख, प्रदीप और संपूर्णानंद का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद देर रात तक क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित रही, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूत्रों के मुताबिक, फॉल्ट दुरुस्त करने के दौरान विद्युत स्पर्शाघात होने से यह हादसा हुआ। हालांकि विभाग की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

घटना के संबंध में जानकारी लेने के लिए संबंधित जेई से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com