पनियरा में दरिंदगी की हद: प्रेमी ने बनाया अश्लील वीडियो, दोस्तों ने दी वायरल करने की धमकी और किया गैंगरेप

महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ हैवानियत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेम-प्रसंग के भरोसे को शर्मसार करते हुए प्रेमी ने पहले युवती का अश्लील वीडियो तैयार किया, फिर उसी वीडियो के दम पर उसके दो दोस्तों ने धमकाकर दुष्कर्म कर डाला। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता के गांव के ही मनीष नामक युवक से पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था। 18 मई की रात करीब 11 बजे मनीष ने किशोरी को मिलने के लिए बुलाया था। दोनों गांव के बगीचे में मिले ही थे कि वहां विकास और राजन पहुंच गए। दोनों युवकों ने किशोरी को परिवार में बात बताने की धमकी देकर भयभीत कर दिया और फिर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके पर मौजूद प्रेमी मनीष ने विरोध तक नहीं किया।

जांच में यह भी सामने आया कि मनीष ने पहले वीडियो कॉलिंग के दौरान चोरी-छिपे किशोरी की अश्लील स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली थी। बाद में यही वीडियो विकास और राजन के मोबाइल में पहुंच गया। तीनों आरोपी पीड़िता को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार चुप रहने का दबाव बना रहे थे।

घटना के बाद डरी-सहमी किशोरी अपने मामा के घर चली गई थी। परिजनों को जानकारी होने पर पीड़िता की मां ने थाना पनियरा में तहरीर दी। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए धारा 70(2), 351(3) बीएनएस, 5G/6 पॉक्सो एक्ट और 67 आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में विकास (19 वर्ष), राजन (21 वर्ष) और मनीष (21 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com