बीती रात ड्रोन की अफवाह पर फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, देशी तमंचा और कारतूस बरामद
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 26 Sep, 2025
- 606
महराजगंज। ड्रोन दिखने की अफवाह पर गांव में मचे हड़कंप के दौरान फायरिंग कर चार लोगों को घायल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी तमंचा और खोखा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
जानकारी के मुताबिक, थाना सिन्दुरिया क्षेत्र के लक्ष्मीपुर एकडंगा टोला पुरुषोत्तमपुर गांव में 25 सितंबर की रात करीब 9 बजे आसमान में ड्रोन जैसी रोशनी दिखने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण सुदामा के घर के पास जमा हो गए। इसी दौरान गांव के बृजेन्द्र बहादुर सिंह उर्फ गौतम सिंह (42) पुत्र स्व. गौरीशंकर सिंह असलहा लेकर वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने भीड़ के बीच से ही ड्रोन पर फायर करने की कोशिश की। जब लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपी भड़क गया और भीड़ पर गोली चला दी।
फायरिंग में ज्योति (14) पुत्री पिताम्बर प्रजापति, प्रतिमा (16) पुत्री अनिरुद्ध प्रजापति, गीता (14) पुत्री अनिरुद्ध प्रजापति और नर्वदा (पत्नी सीताराम) गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी को आनन-फानन में ग्रामीणों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की लिखित तहरीर पर थाना सिन्दुरिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 227/25 धारा 109 (1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह को सौंपी गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत शुक्रवार सुबह करीब 7:45 बजे पुलिस टीम ने आरोपी को संतकबीरनगर जिले के मेहदावल बाईपास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी तमंचा 12 बोर और फायर किया हुआ खोखा कारतूस बरामद किया। बरामदगी के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ा दी गई।
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सिन्दुरिया समेत एसओजी, स्वाट और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया है।

