दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 80 किलो दूषित खोया कराया नष्ट
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 03 Nov, 2026
- 23
महराजगंज। दीपावली पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने और आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर के तीन मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खोया और सोनपापड़ी के नमूने संग्रहित किए। इस दौरान 80 किलोग्राम दूषित खोया, जिसकी अनुमानित कीमत 24 हजार रुपये बताई गई है, मौके पर ही नष्ट कराया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II केके उपाध्याय के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत टीम ने बांसपार रोड स्थित उपेंद्र मिष्ठान भंडार का निरीक्षण कर खोया का नमूना लिया। इसके बाद कोतवाली के निकट स्थित नागेंद्र मिष्ठान भंडार से सोनपापड़ी तथा इंद्रानगर स्थित सुरेश मिष्ठान भंडार से खोया का नमूना संग्रहित किया।
निरीक्षण के दौरान सुरेश मिष्ठान भंडार से 80 किलोग्राम दूषित खोया बरामद होने पर उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने के आवश्यक निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार मंगलवार को कुल तीन नमूने संग्रहित किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

