महराजगंज में सक्रिय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 16 Dec, 2025
- 238
तीन चोरी की मोटरसाइकिलें, कटी चेसिस और भारी मात्रा में इंजन-पुर्जे बरामद
महराजगंज। बृजमनगंज थाना अंतर्गत बनगढ़िया तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इरफान उर्फ गुड्डू, प्रेम यादव और दीपक गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें, कटी हुई चेसिस और बड़ी मात्रा में बाइक के इंजन व अन्य पुर्जे बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से जिले व आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय था।
पुलिस के मुताबिक चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पकड़े गए युवक बाइक संख्या UP56S0729 पर सवार थे। कागजात मांगने पर कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। ई-चालान एप से जांच में बाइक किसी अन्य व्यक्ति के नाम पंजीकृत मिली। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि यह बाइक उन्होंने करीब तीन माह पहले कोल्हुई थाना क्षेत्र के मोहनापुर बाजार से चोरी की थी।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें एक जगह जमा करते थे। बाद में बाइक को काटकर इंजन और चेसिस अलग-अलग बेच देते थे, जबकि शेष पुर्जे कबाड़ में खपा दिए जाते थे। चोरी की मोटरसाइकिलों को रखने और काटने के स्थान के बारे में पूछने पर आरोपियों ने एक घर और ऑटो पार्ट्स की दुकान की जानकारी दी। निशानदेही पर पुलिस ने एक घर से दो और चोरी की मोटरसाइकिलें UP55H3998 व UP56H2886 बरामद कीं। इनमें से एक बाइक करीब डेढ़ माह पहले कपिलवस्तु क्षेत्र से चोरी की गई थी।
पुलिस ने मौके से चार इंजन, कटी हुई चेसिस, नंबर प्लेट, टंकी, सीट, पहिए, साइलेंसर, चेन-स्प्रोकेट सेट, मीटर मशीन समेत भारी मात्रा में बाइक के पुर्जे बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और नगदी भी मिली है।
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपियों पर पूर्व में चोरी, गुंडा एक्ट व अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर जिले में दर्ज बाइक चोरी के कई मामलों का अनावरण किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

