जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली में प्रगति तेज करने के दिए निर्देश

मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा

UP Samachar Plus 

महराजगंज।  जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कर, करेत्तर, राजस्व संग्रह और प्रवर्तन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की वसूली प्रगति की समीक्षा करते हुए कर एवं राजस्व प्राप्ति में वृद्धि के लिए सख्त निर्देश दिए।

बैठक में आबकारी, व्यापार, विद्युत, परिवहन, जीएसटी और अलौह खनन विभागों की वसूली प्रगति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर सी, डी और ई ग्रेड किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। जिन परियोजनाओं का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, उनके सुधार के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। उन्होंने आबकारी, राज्य कर, मंडी और विद्युत विभाग को वसूली बढ़ाने के लिए प्रवर्तन कार्यवाही तेज करने का निर्देश दिया। नगर निकायों को जल्द से जल्द यूजर चार्ज और व्यावसायिक शुल्क की वसूली शुरू करने का आदेश दिया गया।

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने धारा 24, 34, और 116 के तहत एक साल से अधिक पुराने लंबित मामलों को नियमित सुनवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम और मजिस्ट्रेटों को समय सीमा के भीतर लंबित वादों को शून्य करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने दर्पण डैशबोर्ड पर जनपद महराजगंज को लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सभी अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिम्मेदारियों को बढ़ाती है और प्रदर्शन को बनाए रखने के लिए और अधिक प्रयासों की आवश्यकता है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ पंकज कुमार वर्मा, एसडीएम सदर रमेश कुमार, डीसी वाणिज्य कर आर.पी. चौरसिया, जिला आबकारी अधिकारी अतुल द्विवेदी, ईओ नगर पालिका महराजगंज आलोक कुमार सहित सभी तहसीलदार और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com