महराजगंज में सुबह की सैर पर निकले लोगों पर कहर, तेज रफ्तार पिकअप ने रौंदा; दो की मौत, एक की हालत गंभीर

मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा

UP Samachar Plus

महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की जिंदगी को बदल कर रख दिया। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल-कप्तानगंज मार्ग पर शनिवार सुबह करीब पांच बजे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात पिकअप वाहन ने सड़क के किनारे सैर कर रहे तीन लोगों को कुचल दिया और सुनसान का फायदा उठाकर मौके से फ़रार हो गया । हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा धरमौली गाँव के निवासियों के साथ हुआ, जो प्रतिदिन सुबह की सैर के लिए निकलते थे। मृतकों में धरमौली निवासी ब्यासमुनि (पुत्र रामा कन्नौजिया) और मधुबन मौर्या (पुत्र सुक्खू) शामिल हैं। इनके साथ टहल रहे करनाकांत दुबे इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल गोरखपुर के मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ब्यासमुनि, मधुबन मौर्या, और करनाकांत दुबे रोज की तरह सैर के लिए निकले थे। वे धरमौली से डुमरी की ओर पहुंचे ही थे कि तभी परतावल की तरफ से आ रहे अज्ञात पिकअप वाहन ने अनियंत्रित होकर तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ब्यासमुनि और मधुबन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग हादसे से बेहद आहत हैं और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पिकअप वाहन और चालक की पुलिस तलाश में जुटी है । पुलिस जल्द ही चालक को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके।

इस हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्तियों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए परतावल-कप्तानगंज मार्ग पर यातायात नियंत्रण के ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

इस हादसे के संबंध में श्यामदेउरवा थाने के प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com