बड़ी खबर : सिंदुरिया-सिसवा सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप, विधायक की शिकायत पर जांच शुरू
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 20 Nov, 2024
- 552
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 20 नवम्बर। महराजगंज जिले के करीब 14 किलोमीटर लंबे सिंदुरिया-सिसवा सड़क निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क की जांच शुरू कर दी है। इस सड़क की लंबी प्रतीक्षा कर रहे दर्जनों गांवों के लोग जहां सड़क के निर्माण को लेकर खुश थे, वहीं उद्घाटन से पहले ही सड़क में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आ गए हैं।
करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस सड़क के निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा विधायक जय मंगल कनौजिया ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कार्यदाई संस्था पर गंभीर आरोप लगाए थे। विधायक की शिकायत पर गोरखपुर के अधीक्षण अभियंता हेमराज की अगुआई में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने हाल ही में सड़क का निरीक्षण किया और सिंदुरिया से सिसवा के बीच सड़क की खुदाई कर सैंपल भेजे।
जांच के दौरान, पकड़िया बुजुर्ग चौराहे पर सड़क की खुदाई की गई, जहां छेनी, हथौड़े और फावड़े से सड़क का निरीक्षण किया गया। जांच टीम ने सैंपल लखनऊ भेजने की बात करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की बात की, हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई ठोस निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
इस दौरान, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता हेमराज के अलावा अधिशासी अभियंता धर्मपाल सिंह, प्रांतीय खण्ड के अधिशासी अभियंता देवेंद्र मणि त्रिपाठी समेत आधा दर्जन अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
अब सवाल यह उठता है कि विधायक की शिकायत पर चल रही यह जांच कितनी असरदार साबित होगी या फिर यह मामला लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा। जिले की जनता इस मामले में निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की उम्मीद कर रही है।

