संविधान दिवस पर भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित, विधायक ने संविधान के महत्व पर डाली रोशनी
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 26 Nov, 2024
- 183
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महाराजगंज, 26 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि संविधान हमारे देश के संचालन और नियंत्रण का आधार है। उन्होंने कहा, "संविधान न केवल हमारे मौलिक अधिकार और कर्तव्यों को परिभाषित करता है, बल्कि यह नागरिक जिम्मेदारियों और मार्गदर्शक सिद्धांतों का भी दस्तावेज है। भारत का राजनीतिक ढांचा और उसकी शक्तियां संविधान पर आधारित हैं।"
विधायक ने इस अवसर पर कहा कि संविधान से पहले देश की सत्ता का स्वरूप अलग था, लेकिन इसके बाद भारत एक नए स्वरूप में स्थापित हुआ। संविधान का पालन करना हर भारतीय का कर्तव्य है। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की चेतावनी का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि इसे लागू करने वाले लोग सही नहीं होंगे, तो यह केवल कागजों का पुलिंदा बनकर रह जाएगा।
जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि 73 साल पहले इसी दिन संविधान सभा ने इस ऐतिहासिक दस्तावेज को अंगीकार किया था। आज हम उस संविधान को स्मरण कर रहे हैं, जिसने हमारे गणतंत्र की यात्रा का मार्गदर्शन किया है और अन्य देशों को भी प्रेरित किया है।
कार्यक्रम के पूर्व डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री बबलू यादव ने किया।
ग्राम सभा बरगदवा राजा में भी मनाया गया संविधान दिवस
इसी क्रम में ग्राम सभा बरगदवा राजा में भी संविधान दिवस पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने वहां उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और इसके महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री ओम प्रकाश पटेल, वरिष्ठ नेता अजय कुमार श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ पटेल, जिला मंत्री सरोज पांडेय, ग्राम विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष अरविंद मौर्य, प्रधान राम सवारे यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

