समाजवादी पार्टी ने मनाया बाबा साहब अंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 07 Dec, 2024
- 393
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 07 दिसंबर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर संविधान निर्माता और भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के 68वें महापरिनिर्वाण दिवस पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विद्यासागर यादव ने की।
इस अवसर पर बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया गया। विद्यासागर यादव ने कहा कि बाबा साहब ने गरीब और दलित समाज को आवाज देने के साथ-साथ भारत को विश्व का सर्वश्रेष्ठ संविधान दिया। उन्होंने बताया कि बाबा साहब 14 भाई-बहनों में सबसे छोटे थे और तमाम आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने 32 डिग्रियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रवण पटेल ने बाबा साहब को लोकतंत्र का सजग प्रहरी बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने देश में सबको समान अधिकार देने का जो सपना देखा था, उसे पूरा करना समाजवादियों का नैतिक कर्तव्य है।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष शत्रुघ्न कनौजिया, प्रदेश सचिव सतीश यादव, छात्रसभा के जिला अध्यक्ष यज्ञ दत्त पासवान, विधानसभा अध्यक्ष कैलाश प्रजापति समेत कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव समसुद्दीन अली ने किया।
कार्यक्रम में तैयब अंसारी, भीम यादव, नरेंद्र गौड़, समसूल हुदा, राम सुधार यादव, जोखन यादव, डॉक्टर शेषनाथ, हीरालाल जख्मी, शाह आलम, विनीत दुबे सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

