महाराजगंज को मिली केंद्रीय विद्यालय की सौगात, भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशी
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 08 Dec, 2024
- 82
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महाराजगंज, 8 दिसंबर। जिले को केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया और नगर अध्यक्ष सानंदन पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह महाराजगंज के लिए एक बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय के खुलने से जिले को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाई मिलेगी। उन्होंने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, "यह सौगात जिले में शिक्षा की क्रांति लेकर आएगी। अब हमारे बच्चों को केंद्रीय विद्यालय में पढ़ाई के लिए अन्य जिलों में नहीं जाना पड़ेगा।"
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के प्रयासों से महाराजगंज में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठेगा। जिले में केंद्रीय विद्यालय खुलने से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, जो अब तक यहां के छात्रों को अन्य जिलों में जाकर हासिल करनी पड़ती थी।
केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति की जानकारी मिलते ही जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, चौधरी शिवेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ला, समीर त्रिपाठी और नगर अध्यक्ष सानंदन पटेल समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और वित्त राज्य मंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता, समाजसेवी, और स्थानीय नागरिकों ने जिले को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में दयाशंकर रानियार, राजेश वर्मा, श्यामा नारायण यादव, कृष्ण गोपाल जायसवाल, विमल पांडेय, राजीव द्विवेदी और अन्य कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

