रोटरी क्लब 24 नर्सरी में करेगा कंबल वितरण और स्वास्थ्य कैंप का आयोजन
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 16 Dec, 2024
- 279
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 16 दिसंबर। रोटरी क्लब सामाजिक कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाते हुए 22 दिसंबर, रविवार को चौक क्षेत्र के 24 नर्सरी में कंबल वितरण और स्वास्थ्य कैंप का आयोजन करेगा। इस कार्यक्रम से क्षेत्र के लगभग 350 परिवारों को लाभ मिलेगा। आयोजन की तैयारियों का जायजा क्लब के पदाधिकारियों ने लिया।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने बताया कि क्लब विगत छह वर्षों से जिले में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। इस बार कंबल वितरण और स्वास्थ्य कैंप का आयोजन 24 नर्सरी के विद्यालय प्रांगण में किया जाएगा। कंबल वितरण कार्यक्रम के संयोजक विजय सिंह संत ने बताया कि क्षेत्र के प्रत्येक बुजुर्ग को कंबल प्रदान किया जाएगा।
स्वास्थ्य कैंप के संयोजक डॉ. जैनुल आबेदीन ने कहा कि 24 नर्सरी के निवासियों को प्राथमिक चिकित्सा के लिए जंगल के रास्ते 8 किलोमीटर दूर चौक या निचलौल अस्पताल तक जाना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए स्वास्थ्य कैंप में रोटरी क्लब के डॉक्टर स्थानीय लोगों को चिकित्सा सुविधा प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम के प्रभारी अध्यक्ष विंध्यवासिनी सिंह ने कहा कि सही स्थल का चयन होने से लोगों को बेहतर लाभ मिलेगा। कंबल की व्यवस्था रोटेरियन वरुण बंसल और दवाओं की जिम्मेदारी रोटेरियन अशोक चौरसिया को सौंपी गई है। कार्यक्रम के आयोजन में रोटेरियन हरिकेश बहादुर सिंह, उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह, मीडिया प्रभारी विनोद कुमार गुप्ता और डॉ. सलीम का सहयोग रहेगा।
रोटरी क्लब ने इस पहल के जरिए न केवल बुजुर्गों को सर्दी से राहत देने बल्कि क्षेत्र के निवासियों को चिकित्सा सुविधा प्रदान करने का सराहनीय कदम उठाया है।

