अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष में जिले भर में होंगे विशेष कार्यक्रम : संजय पाण्डेय

मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा 

UP Samachar Plus

महाराजगंज, 28 जनवरी। भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है। अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर बूथ, मंडल, जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। पदयात्रा, गोष्ठी और कार्यालयों में उनके जीवन से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई गई। यह जानकारी जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय ने पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

संजय पाण्डेय ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी के स्मारक 'सदैव अटल' नई दिल्ली में श्रद्धांजलि और प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी। इस सभा में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री, एनडीए नेता और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार 14 जनवरी से 15 मार्च 2025 तक अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

संजय पाण्डेय ने कहा कि जिले में ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया जाएगा, जिनके पास अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़ी स्मृतियां जैसे अखबार की कटिंग, दस्तावेज, किताबें, ऑडियो/वीडियो क्लिप आदि उपलब्ध हों। इन स्मृतियों का संकलन कर उन्हें संरक्षित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 15 फरवरी से 15 मार्च 2025 तक हर जिले में अटल विरासत सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें जिले के प्रबुद्धजन, विशिष्ट व्यक्ति और अटल बिहारी वाजपेयी के प्रशंसकों को आमंत्रित किया जाएगा। अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर लिखी पुस्तकों के लेखकों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, उनकी स्मृतियों का डिजिटल प्रस्तुतीकरण भी किया जाएगा।

सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचार और कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके द्वारा स्थापित मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं।

इस अवसर पर जिला महामंत्री बबलू यादव, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, जिला मीडिया प्रभारी संजीव शुक्ला, वीरेंद्र लोहिया, राकेश अग्रहरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com