ड्रोन की अफवाह पर युवक ने चलाई गोली, तीन बच्चियां और बुजुर्ग महिला घायल, गांव में दहशत
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 26 Sep, 2025
- 93
महराजगंज। सिंदूरिया थाना क्षेत्र के ग्रामसभा लक्ष्मीपुर एकड़ंगा के टोला पुरुषोत्तमपुर में रविवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्रोन कैमरे की अफवाह के बीच एक युवक ने भीड़ भाड़ की ओर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से तीन बच्चियां और एक बुजुर्ग महिला घायल हो गईं। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में अचानक ड्रोन कैमरे के उड़ने की चर्चा फैल गई थी। इसी दौरान गांव निवासी गौतम सिंह वहां पहुंचा और लाइसेंसी पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली सीधे वहां मौजूद प्रतिमा (16), गीता (14), ज्योति (14) और नर्मदा (60) को जा लगी। फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर थाना प्रभारी सिंदूरिया को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बाद में एसपी ने निजी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि आरोपी गौतम सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर ली गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी इससे पहले भी फायरिंग की घटनाओं में शामिल रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

