बसंतपुर खुर्द के युवक ने ग्राम प्रधानों पर की अभद्र टिप्पणी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 11 Oct, 2025
- 457
महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के बसंतपुर खुर्द गांव के एक युवक द्वारा ग्राम प्रधानों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी और अपशब्दों का प्रयोग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में युवक ने बसंतपुर खुर्द के ग्राम प्रधान पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
मामले के तूल पकड़ते ही मिठौरा ब्लॉक के दर्जनों ग्राम प्रधान लामबंद हो गए और आरोपी युवक बलिराम पुत्र दिनेश के खिलाफ सिंदुरिया थाना पहुंचकर तहरीर दी। उन्होंने मांग की कि ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी जनप्रतिनिधियों की गरिमा के साथ खिलवाड़ न कर सके।
इस दौरान अखिल भारतीय प्रधान संघ की अध्यक्ष वंदना देवी, महामंत्री सच्चिदानंद मौर्य समेत अन्य प्रधान मौजूद रहे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी।
थानाध्यक्ष सिंदुरिया ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

