श्मशान घाट पर तंत्र साधना कर रही महिला के साथ ग्रामीणों की बर्बरता, गांव में निर्वस्त्र घुमाया — आत्महत्या की कोशिश के बाद परिवार ने किया पलायन
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 30 Oct, 2025
- 768
महराजगंज। महराजगंज जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला के साथ ग्रामीणों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि तंत्र साधना के दौरान श्मशान घाट पर निर्वस्त्र मिली महिला को ग्रामीणों ने न केवल मारापीटा, बल्कि पूरे गांव में निर्वस्त्र घुमाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
जानकारी के मुताबिक, दीपावली से एक दिन पूर्व पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक महिला कथित रूप से तंत्र सिद्धि के लिए गांव के बाहर स्थित श्मशान घाट पर पूजा कर रही थी। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उसे देख लिया और मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते दर्जनभर लोग वहां जुट गए और महिला के साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि ग्रामीणों ने उसे निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया और गाली-गलौज करते हुए वीडियो भी बना लिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के बाद लोकलज्जा के भय से पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने समय रहते उसे बचा लिया। इसके बाद पीड़िता अपने पति के साथ गांव छोड़कर कहीं चली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पनियरा थानाध्यक्ष आशीष सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। फिलहाल पीड़िता या उसके परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
गांव में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

