जनसमस्या: बसवार में विकास कार्य ठप, टूटी सड़कें-गंदगी ने बढ़ाई ग्रामीणों की परेशानी

महराजगंज। मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसवार विकास के दावों को आईना दिखा रही है। लगभग 2400 की आबादी वाली इस पंचायत में बसवार और बेचिरागी डढ़िया गांव शामिल हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने ग्रामीणों का जीवन कठिन बना दिया है।

गांव की गलियों में गंदगी, टूटी सड़कें, उफनाती नालियां और जलजमाव से ग्रामीणों का जीना दूभर हो गया है। कीचड़ और दुर्गंध के बीच लोगों को रोजाना आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सफाईकर्मी महीनों से गांव में नजर नहीं आए, जिससे कूड़े का ढेर और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।

आंगनबाड़ी केंद्र बदहाल

गांव के आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति बेहद खराब है। केंद्रों और शौचालयों की साफ-सफाई नहीं होती। बच्चों को पोषाहार न मिलने से केंद्र औपचारिकता तक सीमित हैं।

अन्नपूर्णा भवन बना पशुओं का ठिकाना

सरकार की मंशा गरीबों को भोजन उपलब्ध कराने की थी, लेकिन गांव में बना अन्नपूर्णा भवन शो-पीस बनकर रह गया है। भवन में आवारा पशु और बकरियों का डेरा लग चुका है। ग्रामीण राशन के लिए मजबूरन कोटेदार के घर पहुंचते हैं।

मनरेगा पार्क अधूरा, लाखों खर्च फिर भी खंडहर जैसा हाल

गांव में मनरेगा के तहत बन रहा पार्क भी उपेक्षा का शिकार है। ग्रामीणों के अनुसार लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद पार्क का निर्माण अधूरा है। गेट केवल दीवार के सहारे टिका है और अंदर का हिस्सा किसी खंडहर से कम नहीं दिखता। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि आंखें क्यों बंद किए हुए हैं?

ग्रामीणों के आरोप

ग्रामीणों रामाज्ञा, झिनक, सधई, श्रीराम, बृजेश, पट्टू, रामसेवक, नाथू, देवीदीन समेत कई लोगों का कहना है कि पंचायत में साफ-सफाई से लेकर निर्माण कार्य तक सब ठप है। उनका आरोप है कि ग्राम प्रधान गांव में न तो खुली बैठक करती हैं और न ही जनसंपर्क। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि पंचायत का पांचवां वर्ष चल रहा है, लेकिन ग्राम प्रधान को गांव में देखना भी दुर्लभ हो गया है।

ग्राम प्रधान कमला देवी का फोन नहीं लग सका, लेकिन उनके बेटे और कार्यवाहक प्रतिनिधि मान सिंह ने कहा कि, “गांव की जो भी समस्याएं हैं, उनका समाधान समय से कराया जा रहा है। कुछ लोग व्यक्तिगत रंजिश के कारण विरोध कर रहे हैं। जल्द ही सभी समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।”

खंड विकास अधिकारी का आश्वासन

मिठौरा खंड विकास अधिकारी राहुल सागर ने बताया कि मामले को संज्ञान में लिया गया है। जल्द ही स्थल निरीक्षण कराकर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस कार्रवाई की जाएगी।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com