भारत–नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की बड़ी खेप बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 10 Nov, 2025
- 293
महराजगंज। भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध नशीली दवाओं की तस्करी पर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। ठूठीबारी पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने रविवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर राजाबारी बगीचे के पास चेकिंग के दौरान तीन तस्करों को दबोच लिया। इनके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित इंजेक्शन, कैप्सूल, टैबलेट्स, नेपाली एवं भारतीय मुद्रा और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान सूरज कुमार खरवार, आदर्शनगर ठूठीबारी निवासी तथा नेपाल के नवलपरासी जिले के निवासी चेतनारायण चौधरी और कुलनारायण के रूप में हुई है। पकड़े गए तस्करों से पुलिस ने Buprenorphine Injection IP, Promethazine Injection, Nitrazepam Tablets सहित करीब दो हजार से अधिक नशीली गोलियां व कैप्सूल, ₹2.83 लाख नेपाली मुद्रा, भारतीय नोट ₹2,960 तथा एक पल्सर और एक सुजुकी इंट्रूडर बाइक बरामद की।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है। गिरफ्तारी की कार्यवाही अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देशन में की गई। पकड़े गए तस्करों के खिलाफ ठूठीबारी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने टीम की सराहना करते हुए सीमा क्षेत्र में तस्करी और अपराध पर और कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

