सरकारी योजनाओं के नाम पर साइबर ठगी करने वाला गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

महराजगंज। सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर लोगों के नाम से बैंक खाते खुलवाने और उन खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम मंगाने वाले संगठित गिरोह का महराजगंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हर्ष गुप्ता और अनुराग गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में बैंक खातों की किट, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेन्द्र मीना के निर्देशन में साइबर फ्राड के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपी लंबे समय से साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े थे और विभिन्न राज्यों में सक्रिय कॉल सेंटरों तक बैंक खातों की पूरी किट—पासबुक, एटीएम कार्ड, चेक बुक और लिंक मोबाइल सिम—भिजवाते थे। इन्हीं खातों में ठगी की रकम डलवाई जाती थी।

जांच में सामने आया कि आरोपी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के लोगों को सरकारी योजनाओं, आर्थिक सहायता व अन्य लाभों का लालच देकर उनके नाम से अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाते थे। इसके बाद खातों से जुड़ी किट बस व कूरियर के माध्यम से बाहर के राज्यों में भेज दी जाती थी। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम मंगाने और निकालने में किया जाता था, जिससे खाताधारक अनजाने में अपराध का हिस्सा बन जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, 71 चैट पीडीएफ, 76 बैंक खातों का विवरण, 80 सिम कार्ड सहित मोबाइल नंबर और 5600 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि इन खातों के माध्यम से लाखों रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया गया है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के लिए जांच तेज कर दी गई है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी को भी सरकारी योजना या लाभ दिलाने के नाम पर अपना बैंक विवरण, एटीएम कार्ड, ओटीपी या सिम साझा न करें। साइबर ठगी की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें या नजदीकी थाने से संपर्क करें।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com