अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा, 9 डंपर सीज कुशीनगर से गोरखपुर जा रहे थे बिना परमिट मिट्टी लदे वाहन
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 20 Dec, 2025
- 217
महराजगंज। जनपद में अवैध खनन और बिना वैध प्रपत्रों के खनिज परिवहन पर पुलिस व प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। थाना श्यामदेउरवां क्षेत्र में एआरटीओ, खनन विभाग और पुलिस की टीम ने मिट्टी/सिल्ट से लदे नौ डंपरों को पकड़कर सीज कर दिया। सभी वाहन बिना परमिट और मानक से अधिक लोड पाए गए।
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जनपद के सोहसा मठिया स्थित खजुरिया नहर ब्रांच से नहर की सिल्ट/मिट्टी निकालकर उसे डंपरों में लादकर महराजगंज होते हुए गोरखपुर ले जाया जा रहा था। इस दौरान पिपरपाती एनएच रोड पर एआरटीओ मनोज कुमार सिंह, खनन अधिकारी अजीत कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर जयप्रकाश त्रिपाठी तथा थाना श्यामदेउरवां पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान कुशीनगर से आ रहे डंपरों को रोका गया।
जांच में डंपर चालकों द्वारा खनिज परिवहन से संबंधित कोई भी वैध परमिट या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। साथ ही सभी वाहन मानक से अधिक लोड पाए गए। नियमों के उल्लंघन और अवैध खनन से जुड़ा मामला पाए जाने पर मौके पर ही सभी नौ डंपरों को सीज कर दिया गया। सीज किए गए वाहनों को सुरक्षार्थ थाना श्यामदेउरवां गेट के पास अग्रिम कार्रवाई के लिए खड़ा कराया गया है।
सीज किए गए डंपरों में यूपी 65 एनटी 5756, यूपी 65 एलटी 7195, यूपी 65 एनटी 7194, यूपी 35 एटी 7417, यूपी 35 बीटी 9188, यूपी 35 एटी 7416, यूपी 65 एलटी 1555, यूपी 35 एनटी 9187 और यूपी 35 बीटी 9189 शामिल हैं। इनके चालक गाजीपुर, आजमगढ़, वाराणसी, उन्नाव और फतेहपुर जनपदों के निवासी बताए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और बिना परमिट खनिज परिवहन से सरकारी राजस्व को भारी क्षति होती है। मामले में संबंधित नियमों के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि जनपद में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

