भारत–नेपाल सीमा पर अवैध घुसपैठ नाकाम, श्रीलंकन नागरिक गिरफ्तार
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 21 Dec, 2025
- 138
महराजगंज। भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने अवैध घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया। सोनौली बॉर्डर क्षेत्र में इमिग्रेशन विभाग की सतर्कता के चलते एक श्रीलंकन नागरिक को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करते हुए गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज व इमिग्रेशन विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सीमा क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 दिसंबर की रात करीब 9:45 बजे सोनौली कस्बे में इमिग्रेशन टीम ने संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान केनेडी राजेन्द्रम (52) निवासी सेंट जोसेफ मवाथा, एताकल, नेगाम्बो, श्रीलंका के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि वह अनाधिकृत मार्ग से भारत में दाखिल हुआ था और उसके पास वैध यात्रा दस्तावेज नहीं थे। इसके बाद इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसे हिरासत में लेकर थाना सोनौली को सौंप दिया।
इस संबंध में थाना सोनौली पर मु0अ0सं0 123/2025 धारा 14A विदेशी अधिनियम 1946 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि सीमा पर अवैध प्रवेश और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ निगरानी और सख्ती और बढ़ाई जाएगी

