घुघली थानेदार का ऑडियो वायरल, जांच के आदेश, जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म

महराजगंज। जनपद के घुघली थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वायरल ऑडियो में थानेदार अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से बातचीत के दौरान आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए सुने जा रहे हैं। ऑडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और विभागीय कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो में थानेदार तामिला (सम्मन/नोटिस की तामील) में देरी को लेकर पुलिसकर्मियों पर नाराजगी जताते हुए कठोर शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। बातचीत में धमकी भरे लहजे और अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात भी कही गई है। हालांकि इस ऑडियो की पुष्टि "यूपी समाचार प्लस" स्वतंत्र रूप से नहीं करता।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।

इस पूरे मामले को लेकर जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म है। आमजन के साथ-साथ पुलिस महकमे के भीतर भी अनुशासन और व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और पुलिस प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com