प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार महराजगंज कल आयेंगे पंकज चौधरी, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह

महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कल अपने गृह जनपद महराजगंज के पहले दौरे पर आएंगे। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका प्रथम आगमन होगा, जिसे लेकर जिले भर के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

महराजगंज से सात बार सांसद रह चुके और वर्तमान में केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को हाल ही में भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन और सरकार में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में पार्टी को नई मजबूती मिलेगी। इसे महराजगंज ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उनके आवास और आसपास के क्षेत्रों में भव्य स्वागत की योजना बनाई जा रही है। जगह-जगह बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं, जिन पर उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दी गई हैं।

भाजपा कार्यकर्ता इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए इसे जिले के लिए गर्व का क्षण मान रहे हैं। स्वागत कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए भाजपा पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता लगातार बैठकें कर रहे हैं तथा अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि पंकज चौधरी के प्रथम आगमन के अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहेंगे। पूरे जिले में राजनीतिक माहौल सक्रिय नजर आ रहा है और भाजपा कार्यकर्ता इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com