प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में, सदर विधायक ने किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण

महराजगंज। नव निर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के जनपद में प्रथम आगमन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों की टीम ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंच, पंडाल, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया। सदर विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम भव्य, सुव्यवस्थित और अनुशासित हो, ताकि कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी का जनपद में प्रथम आगमन कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और गर्व का विषय है। यह कार्यक्रम संगठन की मजबूती को दर्शाने के साथ-साथ जनपद के विकास को लेकर नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

विधायक ने बताया कि स्वागत से जुड़ी सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि व्यवस्थाएं सही दिशा में हैं और कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, जिला महामंत्री बबलू यादव एवं ओम प्रकाश पटेल, जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ पटेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, जिला मीडिया प्रभारी संजीव शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। व्यवस्था में मानवेंद्र सिंह, राकेश अग्रहरी, मनोज पटेल समेत अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com