निचलौल में आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, चार सूत्रीय मांगों को लेकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन

निचलौल (महराजगंज)। निचलौल सब्जी मंडी की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला उपाध्यक्ष जाहिद अली के नेतृत्व में कार्यकर्ता निचलौल तहसील परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने अपर जिलाधिकारी को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से निचलौल सब्जी मंडी में तत्काल साइकिल स्टैंड की व्यवस्था कराने की मांग की गई, जिससे मंडी परिसर में आवागमन बाधित न हो। इसके साथ ही मंडी परिसर के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने और आने-जाने वाले लोगों के बैठने के लिए सीमेंटेड कुर्सियों की व्यवस्था करने की मांग उठाई गई।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि मंडी परिसर में समुचित प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण शाम होते ही अंधेरा छा जाता है, जिससे क्रेता और विक्रेताओं को खरीद-बिक्री में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट लगाए जाने की मांग की गई।

इसके अलावा मंडी परिसर में नियमित सफाई न होने से गंदगी के अंबार लगे हैं, जिससे दुर्गंध और बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है। कार्यकर्ताओं ने तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश जारी करने की भी मांग की।

प्रदर्शन के दौरान विनोद मौर्य, राजू भारती, आबिद अली, अमरजीत पटेल, सत्तार अली, सुरेंद्र प्रसाद, अलाउद्दीन, बाके, मोनू गुप्ता, रज्जाक अली, सुदामा, शमसुद्दीन, ललित भारती, अहमद अली, निजामुद्दीन अली, हसन समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com