डीएम ने बूथों पर पढ़ी मतदाता सूची, त्रुटि मिलने पर तत्काल दावे-आपत्ति दर्ज कराने की अपील
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 18 Jan, 2026
- 141
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को फरेंदा, पनियरा और सदर तहसील क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाताओं की उपस्थिति में प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली का वाचन कराया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से सूची में दर्ज विवरणों की जांच करने और किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर जिला प्रशासन को तत्काल सूचित करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत छह जनवरी को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जा चुकी है। मतदाता maharajganj.nic.in के इलेक्शन पैनल, ceouttarpradesh.nic.in तथा electoralsearch.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ईपीआईसी नंबर डालकर अपना नाम, बूथ और अन्य विवरण देख सकते हैं। यह सूची बीएलओ, संबंधित ईआरओ कार्यालय और जिला निर्वाचन कार्यालय में भी उपलब्ध है।
उन्होंने दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि नाम जोड़ने के लिए फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 और संशोधन अथवा स्थान परिवर्तन के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है। एनआरआई मतदाता फार्म-6ए के माध्यम से निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बीएलओ व सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि एक ही परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही बूथ पर दर्ज हो, इसके लिए आवश्यकता पड़ने पर फार्म-8 भरवाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में फोटो स्पष्ट हों और जिन मतदाताओं के फोटो दर्ज नहीं हैं, उन्हें शीघ्र अपडेट कराया जाए। किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए।
निरीक्षण के क्रम में फरेंदा स्थित सेठ पूरनमल जयपुरिया जूनियर हाई स्कूल के बूथ संख्या 228, 229 व 230 पर कुल 2207 मतदाता पंजीकृत पाए गए। पनियरा के प्राथमिक विद्यालय सतगुरु स्थित बूथ संख्या 47 से 51 तक कुल 3598 मतदाता दर्ज मिले। वहीं सदर तहसील क्षेत्र के धनेवा-धनेई गांव के बूथ संख्या 213 से 218 तक कुल 4330 मतदाता ड्राफ्ट सूची में पंजीकृत पाए गए।
निरीक्षण के दौरान छूटे एवं नए मतदाताओं ने फार्म-6 भरकर संबंधित बीएलओ को सौंपा।
मतदाताओं ने सूची में दर्ज नामों पर संतोष व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि 11 जनवरी को विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की उपस्थिति में निर्वाचक नामावली का वाचन कराया गया था।
निरीक्षण के समय फरेंदा में एसडीएम, पनियरा में अपर एसडीएम, तहसीलदार तथा सदर तहसील में नायब तहसीलदार देशदीपक तिवारी उपस्थित रहे।

