साइबर ठगी का शिकार बना युवक: पुलिस ने लौटाए 35 हजार रुपये
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 14 Feb, 2026
- 170
महराजगंज। साइबर ठगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली की साइबर सेल टीम ने पीड़ित को पूरी धनराशि वापस दिला दी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर ₹35 हजार की ठगी गई रकम होल्ड कराकर पीड़ित के खाते में सुरक्षित रूप से जमा कराई गई।
बताया गया कि ग्राम गिठहा निवासी श्यामसुन्दर गौड़ ने आठ अक्तूबर 2025 को ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने अपने बैंक खाते से ₹35 हजार की साइबर ठगी होने की जानकारी दी थी। मामले की जांच में साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संबंधित खाते में राशि को होल्ड कराते हुए 14 फरवरी 2026 को पूरी रकम पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
इस कार्रवाई से आमजन में साइबर अपराधों के प्रति पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता का संदेश गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सूरज कुमार, कांस्टेबल आनंद सिंह चौहान, कांस्टेबल अमरनाथ गौड़ और महिला कांस्टेबल साधना चौबे शामिल रहीं।

