बालिग होने का दावा कर युवती ने बनाया वीडियो, पिता ने प्रेमी पर दर्ज कराया अपहरण का केस

महराजगंज। जनपद में एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह स्वयं को बालिग बताते हुए अपने प्रेमी और उसके घरवालों को परेशान न करने की अपील कर रही है। युवती का कहना है कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है, लेकिन उसके पिता ने उसे नाबालिग बताकर प्रेमी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया है।

मामला महराजगंज का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सलमा नाम की युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। इसके बाद पिता ने थाने में तहरीर देकर बेटी को नाबालिग बताते हुए युवक पर अपहरण का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उधर, अपने प्रेमी को कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए सलमा ने एक वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया है। वीडियो में वह स्पष्ट रूप से कह रही है कि वह बालिग है और पिता द्वारा दर्ज कराया गया मुकदमा गलत है।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे सामाजिक और पारिवारिक मूल्यों से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कई लोग युवती की व्यक्तिगत स्वतंत्रता का समर्थन कर रहे हैं। वहीं, कुछ यूजर्स ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

इस संबंध में थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस तलाश कर रही है, लड़की बालिग है यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com