लापरवाही पर डीएम सख्त, मिठौरा के एडीओ पर चार्जशीट के निर्देश

महराजगंज।  जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पंचायतीराज विभाग के कार्यों की समीक्षा की। विभिन्न योजनाओं में मिठौरा ब्लॉक की प्रगति असंतोषजनक मिलने और अनुशासनहीनता की शिकायत पर उन्होंने डीपीआरओ को संबंधित एडीओ के विरुद्ध चार्जशीट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी एडीओ के कार्यों के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए ग्रेडिंग व्यवस्था लागू कर रैंकिंग तैयार करने को कहा।

जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत शौचालय के लंबित 1941 आवेदनों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। डीपीआरओ ने बताया कि जनपद में शौचालय रेट्रोफिटिंग का कार्य 95.36 प्रतिशत पूरा हो चुका है। डीएम ने इसे शत-प्रतिशत पूर्ण कराने को कहा। विरासत वृक्ष अभियान के तहत 333 गांवों में कार्य शुरू न होने पर भी नाराजगी जताते हुए जल्द कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।

सामुदायिक शौचालयों के संचालन की नियमित निगरानी, हैंडपंप मरम्मत की जियो टैग फोटो के साथ अभिलेख दर्ज करने तथा निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थलों की तकनीकी जांच कराने के भी निर्देश दिए गए। डीएम ने गांवों में सफाई व्यवस्था में सुधार करते हुए स्कूल, आंगनबाड़ी व सड़कों की नियमित सफाई के लिए रोस्टर बनाने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित सभी एडीओ मौजूद रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com