गैस संकट पर सपा का हल्लाबोल, सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट पहुँचे कार्यकर्ता

महराजगंज। समाजवादी पार्टी ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता गैस सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंच गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर गैस आपूर्ति बहाल कराने की मांग की गई।

धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पूरे देश में रसोई और व्यवसायिक गैस की किल्लत से आम लोग त्रस्त हैं, लेकिन सरकार हकीकत स्वीकार करने के बजाय पर्याप्त भंडार होने का दावा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश स्तर पर प्रधानमंत्री और प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री के साथ ही जिले के अधिकारी भी लगातार स्थिति को सामान्य बताकर जनता को गुमराह कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गैस की किल्लत के कारण कई परिवारों को मजबूर होकर लकड़ी पर खाना बनाना पड़ रहा है। होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं, जबकि बाहर पढ़ाई कर रहे छात्र शहरों में भोजन के लिए भटकने को मजबूर हैं।

सपा नेताओं ने मांग की कि जिले में तत्काल गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, कालाबाजारी पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए और गैस एजेंसियों की मनमानी पर रोक लगाई जाए। साथ ही जिले के जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष रामलाल यादव, बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रवण पटेल, जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ यादव उर्फ लल्ला यादव, प्रणय गौतम, सुमन ओझा, बिद्रेश कन्नौजिया, संतोष कृष्ण त्रिपाठी, नौशाद आलम, पूर्व विधायक Shripati Azad समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com