14 व 15 मार्च को होगी एसआई भर्ती परीक्षा, 12 केंद्रों पर 18,240 अभ्यर्थी होंगे शामिल
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 11 Mar, 2026
- 25
महराजगंज। पुलिस भर्ती परीक्षा–2026 को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बैठक कर परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आयोग के दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों, केंद्र पुलिस प्रभारियों, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि परीक्षा से पहले सभी 12 केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की गहन जांच कर लें। किसी भी केंद्र पर कमी मिलने पर तत्काल उसे दूर कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय की जाएगी।
डीएम ने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के सामान रखने के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था प्रवेश द्वार के पास करने और परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्रों के आसपास की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने और परीक्षार्थियों से किसी प्रकार की अवैध वसूली न होने देने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने पुलिस अधिकारियों को परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और यातायात को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया।
जिला प्रबंधक डॉ. दिवाकर सिंह ने बताया कि जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर 14 व 15 मार्च को चार पालियों में परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें कुल 18,240 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

