लाइसेंसी पिस्टल लेकर विकास भवन में घुसा बर्खास्त कर्मी, उपायुक्त पर हमला; दफ्तर में मची अफरा तफरी
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 19 Mar, 2026
- 471
महराजगंज। जिले के विकास भवन में बुद्धवार शाम उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब बर्खास्त तकनीकी सहायक (मनरेगा) ने लाइसेंसी पिस्टल के साथ श्रम-रोजगार कार्यालय में धावा बोलते हुए उपायुक्त गोरेन्द्र सिंह (श्रम रोजगार) पर हमला कर दिया। सरकारी दफ्तर में हुई इस दबंगई से कर्मचारी दहशत में आ गए।
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 4:50 बजे आरोपी अरविन्द कुमार श्रीवास्तव अचानक कार्यालय पहुंचा और दो साल का वेतन देने का दबाव बनाने लगा। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि फर्जी तथ्यों के आधार पर मानदेय लेने के कारण उसके खिलाफ आरसी जारी है और मामला उच्च न्यायालय में लंबित है। इतना सुनते ही आरोपी आपा खो बैठा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
हमले में उपायुक्त के हाथ की उंगलियां चोटिल हो गईं, जबकि पेट और चेहरे पर भी गंभीर चोटें आईं। आरोपी ने दफ्तर की कई महत्वपूर्ण फाइलें फाड़ डालीं और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी अरविन्द कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 115(2), 352, 351(3), 224(2) और 132 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घटना से विकास भवन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है।

