महराजगंज में मंत्री के कार्यक्रम में बवाल, युवक की पिटाई के बाद गरमाई सियासत
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 17 Mar, 2026
- 116
महराजगंज। 16 मार्च को जिला मुख्यालय पर आयोजित सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की रैली में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने मंत्री ओमप्रकाश राजभर को काला झंडा दिखाकर विरोध किया। विरोध के तुरंत बाद मौके पर मौजूद कार्यकर्ता युवक पर टूट पड़े और उसकी जमकर पिटाई कर दी। जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। और लोग तरह तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और युवक को सदर कोतवाली ले जाया गया। युवक की पहचान पनियरा क्षेत्र निवासी धर्मराज चौरसिया के रूप में हुई, जो जनहित किसान पार्टी का महामंत्री बताया जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने धर्मराज चौरसिया को जेल भेज दिया, जिससे जनहित किसान पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। इसके विरोध में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यामसुंदर चौरसिया के नेतृत्व में आज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पीड़ित पर ही कार्रवाई कर दी गई, जबकि मारपीट और गाली गलौज करने वाले खुलेआम घूम रहे हैं। पार्टी ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और धर्मराज चौरसिया की रिहाई की मांग की है। इस घटना के बाद जिले की सियासत गरमा गई है और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।

