डीसी मनरेगा पर हमले से गरमाया माहौल, अधिकारियों में रोष; सख्त कार्रवाई की मांग

महराजगंज। विकास भवन स्थित श्रम रोजगार कार्यालय में उपायुक्त (डीसी मनरेगा) गौरवेंद्र सिंह पर हुए हमले के बाद जिले का प्रशासनिक माहौल गरमा गया है। प्रादेशिक विकास सेवा संगठन की महराजगंज इकाई ने आपात बैठक कर घटना की तीखी निंदा की और आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग उठाई। बैठक जिला विकास अधिकारी के कक्ष में आयोजित हुई, जहां अधिकारियों ने घटना को गंभीर सुरक्षा चूक बताया।

घटना 18 मार्च की शाम की है, जब उपायुक्त कार्यालय में बैठकर शासकीय कार्यों का निष्पादन कर रहे थे। इसी दौरान घुघली ब्लॉक का बर्खास्त तकनीकी सहायक अरविंद कुमार श्रीवास्तव कार्यालय में घुस आया और दो वर्ष पुराने वेतन की मांग करने लगा। उपायुक्त द्वारा वेतन वसूली की आरसी जारी होने और मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन होने की जानकारी देने पर आरोपी भड़क गया।

आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए उपायुक्त पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ, पेट और चेहरे पर चोटें आईं। इतना ही नहीं, आरोपी ने कार्यालय में रखी महत्वपूर्ण पत्रावलियां भी फाड़ दीं। उसके पास पिस्टल होने की आशंका से मौके पर अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। जाते-जाते आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों में भय का माहौल है। संगठन ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई और सभी अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान डीडीओ भोलानाथ कन्नौजिया, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह, बीडीओ राहुल सागर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com