सराहनीय: धूप में बेहोश बुजुर्ग को पुलिस ने बचाया, परिजनों को सौंपा
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 21 Apr, 2026
- 229
महराजगंज। भीषण गर्मी और लू के बीच थाना पुरंदरपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक बेहोश बुजुर्ग की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की। मंगलवार को मोहनापुर बाईपास पर एक बुजुर्ग व्यक्ति तेज धूप के कारण अचानक अचेत होकर सड़क किनारे गिर पड़े थे। आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बिना देर किए बुजुर्ग को छाया में ले जाकर प्राथमिक उपचार शुरू किया। उन्हें पानी पिलाया गया और हवा की व्यवस्था कर होश में लाने का प्रयास किया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई का असर हुआ और कुछ ही देर में बुजुर्ग को होश आ गया।
होश आने पर उन्होंने अपनी पहचान कृष्ण मुरारी (65), निवासी बरगदवा बाजार के रूप में बताई। उन्होंने बताया कि वह अपनी बेटी से मिलने ग्राम बोकवा जा रहे थे, तभी रास्ते में लू की चपेट में आकर अचेत हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनके परिजनों से संपर्क किया और दामाद तुलसी को मौके पर बुलाकर बुजुर्ग को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
पुलिस की इस संवेदनशील और सराहनीय पहल की स्थानीय लोगों व परिजनों ने जमकर प्रशंसा की है।

