स्वर्गद्वारी जा रही तीर्थयात्रियों की जीप खाई में गिरी, मासूम समेत दो की मौत, 7 की हालत नाजुक
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 23 Apr, 2026
- 157
महराजगंज। नेपाल के प्युठान जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय तीर्थयात्रियों से भरी माइक्रो जीप गहरी खाई में गिर गई। हादसा उस समय हुआ जब उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद के श्रद्धालु प्रसिद्ध धार्मिक स्थल स्वर्गद्वारी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। स्वर्गद्वारी नगरपालिका-4 स्थित टाकुरा के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और जीप करीब 85 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।
इस भीषण हादसे में तीन वर्षीय मासूम काब्या मौर्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीय निर्मला मौर्या ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
दुर्घटना में कुल 20 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल बुटवल स्थित लुम्बिनी सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों में से 7 की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है। अन्य घायलों की स्थिति भी निगरानी में है।
घायलों में संजीता मौर्या, रामउदय मौर्या, लक्ष्मी मौर्या, दुर्गा मौर्या, मेसा मौर्या, पूजा मौर्या, आलोक मौर्या, शेवनाथ मौर्या, प्रीति मौर्या, शिवास मौर्या, कितिकी मौर्या, सेलहन्ता मौर्या, करन मौर्या, मीरा मौर्या, नरेश चौधरी, अंकित चौधरी, अरबिन्द राय, संध्या राय और आयूष मौर्या शामिल हैं। सभी यात्री महराजगंज जिले के भिटौली बाजार थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर शिवाला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही नेपाली स्थानीय पुलिस, जिला प्रहरी कार्यालय प्युठान की टीम और बचाव दल मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना स्थल दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण राहत कार्य में काफी कठिनाई आई।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही महराजगंज प्रशासन सक्रिय हो गया। जनपद से एम्बुलेंस और एस्कॉर्ट टीम को तत्काल नेपाल के लिए रवाना कर दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा नेपाल के स्थानीय प्रशासन और भारतीय दूतावास से समन्वय स्थापित कर घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
स्थिति की निगरानी के लिए एसडीएम, सीओ और संबंधित थाना प्रभारी को भी मौके के लिए रवाना किया गया है। प्रशासन लगातार राहत एवं बचाव कार्य पर नजर बनाए हुए है। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

