खबर का दमदार असर: खिलाड़ियों के आरोप पर डीएम का एक्शन, तीन सदस्यीय जांच समिति गठित
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 26 Apr, 2026
- 115
महराजगंज। स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन खिलाड़ियों द्वारा लगाए गए आरोपों की खबर सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। यूपी समाचार प्लस पर खबर प्रसारित होते ही जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दे दिए। डीएम के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है, जिसमें अपर उपजिलाधिकारी प्रेम शंकर पांडेय, जिला विकास अधिकारी तथा जीजीआईसी धनेवा धनेई के प्राचार्य को शामिल किया गया है।
मालूम हो कि बीते दिन शाम को बैडमिंटन खिलाड़ियों ने उप क्रीड़ा अधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था और जमकर विरोध किया था। खिलाड़ियों—राहुल पटेल, करण गौर, सप्तऋषि जायसवाल, विशाल पांडेय, आलोक कुमार, आबिद अली, एस्तेयाक अली, गजेंद्र सिंह, अनिल मिश्रा, आशुतोष दुबे, सूरज जायसवाल, सत्य, कृष्णा, शिवानंद, ऐनुल, बलवंत, मनीष जायसवाल और डॉ. विपिन सिंह ने उप क्रीड़ा अधिकारी पर 500-500 रुपये नकद वसूली, बिना रसीद भुगतान और ‘दो नंबर के पैसे’ की मांग जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। साथ ही कोर्ट बंद होने और टेबल टेनिस हॉल के आवासीय उपयोग का मुद्दा भी उठाया था।
इस पूरे मामले से जुड़े बातचीत में QR पेमेंट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिससे मामला और तूल पकड़ गया
प्रशासनिक कार्रवाई के बाद खिलाड़ियों में उम्मीद जगी है कि अब उन्हें न्याय मिलेगा और स्टेडियम की व्यवस्थाएं सुधरेंगी। जांच समिति को निष्पक्ष तरीके से पूरे प्रकरण की जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
इस घटनाक्रम से यह साफ है कि मीडिया में खबर आने के बाद प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाया है।

