ऑपरेशन दहन के तहत 96 किलो से अधिक मादक पदार्थ नष्ट, कीमत 2.36 करोड़ रुपये
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 27 Apr, 2026
- 142
महराजगंज। नशा मुक्त समाज की दिशा में महराजगंज पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत विभिन्न थानों में जब्त किए गए 96.301 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण कराया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 36 लाख 39 हजार 50 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिन्दुरिया, ठूठीबारी, कोल्हुई और नौतनवा से संबंधित कुल 13 अभियोगों में न्यायालय के आदेशानुसार जब्त मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया। इनमें चरस, गांजा और हेरोइन शामिल रहे।
विनिष्टीकरण की प्रक्रिया नौतनवा स्थित मैसर्स ए.वी. बायोमेडिकल वेस्ट सर्विसेज केंद्र पर पूरी कराई गई। पर्यावरण सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर के माध्यम से सभी मादक पदार्थों को जलाकर नष्ट किया गया।
पूरी कार्रवाई क्षेत्राधिकारी फरेंदा की मौजूदगी और गठित समिति की निगरानी में संपन्न हुई। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जाएगा।

