नहरों में दौड़ा पानी, खरीफ की तैयारी में जुटे किसानों को बड़ी राहत
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 28 May, 2026
- 143
महराजगंज। खरीफ सीजन में किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिले की नहरों में पानी छोड़ दिया गया है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के विशेष प्रयासों के बाद 25 मई से नहरों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इससे धान समेत अन्य खरीफ फसलों की खेती की तैयारी कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है।
अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड प्रथम विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि मधुबनी शाखा, महराजगंज रजवाहा समेत करीब 50 नहरों में सुचारु रूप से जल प्रवाह कराया जा रहा है। शेष नहरों में भी चरणबद्ध तरीके से जल्द पानी छोड़ा जाएगा, ताकि जिले के सभी क्षेत्रों तक सिंचाई का लाभ पहुंच सके।
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अगले तीन से चार दिनों के भीतर सभी नहरों के टेल तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नहर संचालन की नियमित निगरानी करने और कहीं भी जलापूर्ति बाधित न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने कहा कि किसानों की सुविधा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सिंचाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य किया जाए। नहरों में पानी आने से किसानों की डीजल पंपों पर निर्भरता भी कम होगी, जिससे खेती की लागत में राहत मिलने की उम्मीद है।


